Latehar News:- सदर थाना क्षेत्र के इचाबार जंगल में शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें दो नक्सली मारे गए। एक नक्सली घायल हुआ। पुलिस का जवान अवध सिंह भी जख्मी हुआ। उसे इलाज के लिए रांची भेजा गया।

मारे गए नक्सलियों में पप्पू लोहरा और प्रभात गंझू शामिल हैं। पप्पू झारखंड जनमुक्ति परिषद का सुप्रीमो था। उस पर 10 लाख रुपये का इनाम था। वह लुंडी कोने गांव, लातेहार का रहने वाला था। प्रभात गंझू सब जोनल कमांडर था। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम था। वह डोकर गांव, बालूमाथ का निवासी था।
घायल नक्सली की पहचान आशीष कुमार के रूप में हुई है। वह कोठिल गांव, लातेहार का रहने वाला है।
आईजी सुनील भास्कर, डीआईजी वाईएस रमेश और तथा एसपी कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। जानकारी मिली थी कि जेजेएमपी के नक्सली इचाबार जंगल में छिपे हैं। यह इलाका लातेहार और लोहरदगा की सीमा पर है। इसके बाद एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार सुबह छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। दो नक्सली मौके पर ही मारे गए। एक घायल हुआ। मुठभेड़ के बाद जंगल में सर्च अभियान चलाया गया। वहां से एक राइफल, 20 गोलियां और अन्य सामान बरामद हुए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पप्पू लोहरा पर राज्य के कई जिलों में 98 नक्सली हिंसा के मामले दर्ज हैं। इनमें सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार की हत्या भी शामिल है। प्रभात गंझू पर 15 से ज्यादा नक्सली वारदातों के केस दर्ज हैं।
अधिकारियों ने बाकी नक्सलियों से अपील की है कि वे आत्मसमर्पण करें। नहीं तो कार्रवाई झेलनी होगी।