बेगूसराय।

लगातार बारिश के कारण गुरूवार को एक घर की दिवार गिरने से दो बच्चो की दबकर मौत हो गई। मृत बच्चो की पहचान मो. मुराद के छह वर्षीय पुत्र मो. सैफ तथा राजेश साह के 12 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार के रूप में की गई। घटना बेगूसराय के फुलवडिया थाना क्षेत्र के बारो दक्षिणी इलाके की है। घटना के संबंध में बताया गया है कि दोनो बच्चे घर के पास खेल रहे थे। इस दौरान घर का पुराना दीवार गिरने से दोनो उसके नीचे दब गए। पर लोगो को तुरंत पता नहीं चल सका। काफी देर खोजने के बाद दोनो को दीवार के मलबे में दबा देखा तो हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पर वहां इकट्ठी भीड़ ने दोनो को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मौत हो चूकी थी। बारो दक्षिणी पंचायत के मुखिया जफर आलम ने बताया कि लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त दीवार गिरने से दो बच्चे दब गए। इससे दोनो की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शवो को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना स्थल पर आए तेघड़ा के बीडीओ और सीओ ने परिजनो से मुलाकात कर ढ़ाढ़स बंधाया। पदाधिकारी द्वय ने कहा कि सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवारो को मदद दी जा रही है।