Jamshedpur News:- मानगो थाना क्षेत्र में 28 सितंबर की शाम राशन दुकानदार अबु सनान उर्फ बॉबी को गोली मारकर घायल करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में शामिल दो आरोपितों — वसीम अंसारी उर्फ वसीम खान उर्फ काले और उसके साथी नयाब हुसैन उर्फ टेनिस उर्फ दानिश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
सिटी एसपी कुमार शुभाशीष ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि घायल अबु सनान के बयान पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी वसीम अंसारी को पारडीह मध्य विद्यालय के पास से जबकि नयाब हुसैन को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने वसीम की निशानदेही पर नयाब के घर से हथियारों के साथ एक बुलेट मोटरसाइकिल (जेएस05सीएम-4272) भी जब्त की है। जांच में यह खुलासा हुआ है कि वसीम और घायल बॉबी के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी विवाद में वसीम ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मारने की घटना को अंजाम दिया।
इस मामले में वसीम के अलावा रौनक और शाहरूख खान उर्फ चुहा बच्चा नामक दो अन्य आरोपी भी शामिल थे, जिन्होंने पहले ही अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है।
मुख्य आरोपी वसीम अंसारी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ मानगो, आजादनगर, बोड़ाम और बिरसानगर थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वसीम 2021 से लगातार सक्रिय अपराधी के रूप में पहचान रखता है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1) भोला प्रसाद सिंह ने किया। टीम में मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद, एएसआई अमित कुमार, रविशंकर कुमार, चंदन कुमार, अंगरक्षक राहुल कुमार और मधुसूदन बानरा शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि अन्य सहयोगियों की संलिप्तता की जांच जारी है और जल्द ही इस कांड से जुड़े बाकी अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

