Godda News:- झारखंड के गोड्डा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के डाहुबेड़ा गांव में हुआ, जहां कई साल पुरानी पानी की टंकी अचानक भरभरा कर गिर गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के वक्त सभी बच्चे टंकी के नीचे नहा रहे थे। तभी अचानक टंकी का कमजोर ढांचा गिर पड़ा और बच्चे मलबे में दब गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर सुनकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी बच्चों को बाहर निकाला। हालांकि, दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन को गंभीर हालत में गोड्डा सदर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उनमें से एक बच्चे को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है।
मृत बच्चों की पहचान धमेन्द्र और मैसा पहाड़िया के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त अंजली यादव और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता देने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने बताया कि पानी टंकी की नींव काफी समय से कमजोर थी और बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग ने इसकी मरम्मत नहीं कराई। लोगों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
उपायुक्त अंजली यादव ने कहा कि टंकी निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी खामियों की जांच के आदेश दिए गए हैं। दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह हादसा एक बार फिर सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

