बेगूसराय।

शौच के लिए गए दो बच्चों की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार को गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कोरैय पंचायत के राहुल नगर गांव की है।। मृतक बच्चों की पहचान गांव निवासी रामदुलार शाह के 8 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार व अशर्फी पंडित के 12 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में की गई है। बच्चों के शोरगुल सुनकर जब तक लोग दौड़े तब तक दोनों बच्चे पानी में डूब चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों के शव को गड्ढे से बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। जानकारी अनुसार दोनों बच्चे शुक्रवार की सुबह शौच के लिए गए थे। जहां पैर फिसल जाने के कारण दोनों पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतक अंकुश के पिता रामदुलार शाह दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। वह दो भाई एवं एक बहन में सबसे छोटा था। वही दीपक के पिता अशर्फी पंडित हरियाणा में रहकर मजदूरी करते हैं। वह एक बहन व तीन भाई में मंझिला था। बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा है। मृतक के परिजनों के क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया है। घटना के संबंध में गांव के मुखिया शंभू झा ने बताया कि एक साथ दो बच्चों की मौत दुखद है। सरकारी प्रावधान के तहत मृतक बच्चों के परिजनों को हर संभव सहायता मुहैया कराई जाएगी।