Chaibasa News :- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक हृदयविदारक हादसे में दो सगे मासूम भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात की है, जब मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रुगुड़पंचो गांव में घर के सामने खेलते वक्त दोनों भाई एक पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे। हादसे में दोनों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान पलटन सिंह कुंटिया के बेटों विकास सिंह कुंटिया (7 वर्ष) और विशाल सिंह कुंटिया (5 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पलटन सिंह ने घर बनाने के लिए मिट्टी निकालने के मकसद से अपने घर के सामने गड्ढा खोदा था। हाल ही में हुई बारिश के कारण यह गड्ढा पानी से भर गया था।
शुक्रवार की शाम दोनों भाई अपने दोस्तों के साथ उसी गड्ढे के पास खेल रहे थे, तभी अचानक पैर फिसलने से वे पानी में जा गिरे। गड्ढा गहरा होने की वजह से वे बाहर नहीं निकल सके और डूब गए। उनके साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। आनन-फानन में दोनों को चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिस गड्ढे से घर बनाने की उम्मीद थी, वही अब परिवार के लिए काल बन गया।

