Khunti News:- खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर पोकला गांव के पास गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। लगभग साढ़े चार बजे हुई इस दुर्घटना में बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के सक्रिय सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग सिमडेगा के रामरेखा मेला से लौट रहे थे, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गजगांव निवासी अनुज कुमार मांझी और हांसा निवासी शिवदत्त मांझी के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए लोगों में गजगांव के प्रभाष मांझी, रेवा के अमित महतो, चंद्रू राम और जुरदाग के सुनील कुमार शामिल हैं। इन चारों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं बांदे निवासी रंजीत महतो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे पर बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति और भाजपा संगठन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। समिति के महामंत्री मनोज कुमार सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि यह संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा संगठन उनके साथ खड़ा है। साथ ही दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।

