East Champaran :- जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत हरसिद्धि–छपवा मुख्य मार्ग पर हरसिद्धि दुर्गा मंदिर के पास बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
मृतक की पहचान सोनबरसा पंचायत के सोनबरसा गांव वार्ड संख्या छह निवासी शाहनवाज हुसैन (20 वर्ष), पिता अली अकबर मियां के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक आशिक कुमार (23 वर्ष) पानापुर रंजीता पंचायत के मुंशी बाजार गांव निवासी सरयुग राम का पुत्र है।
प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दारोगा राजेश कुमार के नेतृत्व में घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरसिद्धि पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
शाहनवाज हुसैन की हालत नाजुक होने पर परिजनों ने उन्हें मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल आशिक कुमार का इलाज मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में जारी है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पूर्व प्रखंड प्रमुख मोहम्मद कासिम ने बताया कि युवक की मौत के बाद परिजन शव को घर ले आए। वहीं पूर्व राजद विधानसभा प्रत्याशी नागेंद्र राम ने जानकारी दी कि घायल आशिक कुमार अपने पड़ोस में 65 वर्षीय प्रसाद राम के निधन के बाद अंत्येष्टि के लिए फूल लाने हरसिद्धि जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई।
शाहनवाज हुसैन की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां नेशा खातून, पिता अली अकबर मियां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार शाहनवाज तीन भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था और परिवार का कमाऊ सदस्य था। अविवाहित शाहनवाज की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

