Chatra News:- चतरा जिले की गिद्धौर थाना पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खरीद-बिक्री के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 2.52 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 से 13 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही एक बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोला भुईयां और संदीप कुमार भुईयां के रूप में हुई है। दोनों आरोपित जपुआ मैदान के समीप अफीम की डीलिंग कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इस पूरे मामले का भंडाफोड़ किया।
एसडीओ शुभम कुमार खंडेलवाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुआ मैदान में अफीम की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को मौके से ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अफीम के साथ-साथ बाइक और मोबाइल बरामद हुए।
अफीम की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपितों से कड़ी पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से इस धंधे में लिप्त हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके संपर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अफीम की सप्लाई कहां से की जा रही थी।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। अफीम तस्करी से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और निगरानी कर रही है।
गिद्धौर थाना क्षेत्र में अफीम की बड़ी खेप पकड़े जाने से पुलिस की यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों ने भी पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

