Koderma News:- कोडरमा थाना क्षेत्र के मेघातारी पंचायत के कुसहना में सरिता देवी उर्फ सावित्री देवी (40) ने अपनी जान दे दी। मिली जानकारी के अनुसार मृतका अपने मायके में ही रह रही थी। घरेलू विवाद को लेकर शनिवार की सुबह अपने रूम में जाकर फंदे से लटकर खुदकुशी कर ली। जबतक उसे उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना कोडरमा पुलिस को मिलने के बाद पुलिस पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। वहीं तिलैया थाना क्षेत्र के गुमो में पारिवारिक विवाद ने 30 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर संजय पासवान की जान ले ली। संजय ने गत शुक्रवार की रात अपने घर में फंदे झूलकर खुदकुशी कर ली। उसकी पत्नी दो महीने पहले विवाद के बाद अपने मायके चली गई थी। उसने पति के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इस वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था।
जानकारी के मुताबिक गुमो के वार्ड नंबर 21 के निवासी संजय पासवान की शादी 12 साल पहले हजारीबाग के बरकट्ठा में हुई थी। उनके एक बेटी और दो बेटे हैं। पिछले दो महीने से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते संजय की पत्नी बच्चों को लेकर अपने मायके चली गईं। उसने बरकट्ठा थाने में संजय के खिलाफ प्रताड़ना का मामला भी दर्ज कराया था। माना जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव के कारण संजय ने यह कदम उठाया। मृतक की मां ने बताया कि संजय काम से लौटने के बाद रात में खाना खाया। जब उन्होंने संजय को सोने के लिए कहा, तो उसने उन्हें दूसरे कमरे में सोने जाने के लिए कहा। सुबह जब वह बेटे को जगाने आईं, तो संजय को कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से शव को नीचे उतारा। सूचना मिलने पर तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया।

