Palamu News:- पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर मंगलवार सुबह पलामू पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल पर एक श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर देश की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले बहादुर जवानों को याद किया गया और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पलामू जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) रीष्मा रमेशन मौजूद रहीं। दोनों अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों के अदम्य साहस, अटूट समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया। उन्होंने कहा कि इन वीर जवानों के बलिदान से ही देश सुरक्षित है और उनकी वीरता हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कार्यक्रम में उपस्थित शहीदों के परिजनों से मुलाकात की, उनके सुख-दुःख की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। आईजी शैलेन्द्र सिन्हा ने कहा कि पुलिस विभाग शहीद परिवारों के साथ हमेशा खड़ा है और उनकी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
कार्यक्रम में सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद, डीएसपी राजीव रंजन, राजेश कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में राष्ट्र सेवा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख की बर्फीली पहाड़ियों में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके अदम्य साहस और बलिदान की याद में हर वर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में ‘पुलिस स्मृति दिवस’ मनाया जाता है।

