Koderma News:- उप परिवहन आयुक्त-सह-सचिव, उत्तरी छोटानागपुर प्रादेशिक परिवहन प्राधिकार, हजारीबाग के निर्देश पर कोडरमा जिले में 3 व्हीलर/ऑटो रिक्शा चालकों, डीलरों और ऑटो संघ प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोटर वाहन अधिनियम के तहत परमिट, फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजात को समय पर अद्यतन रखने की अनिवार्यता पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस मौके पर परमिट निर्गत करने के लिए विशेष कैम्प भी लगाया गया। इसमें ऑटो चालकों को सभी आवश्यक कागजात पूरे कराने, मोटर वाहन नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व पर काउंसलिंग दी गई। परिवहन विभाग ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न स्कूल वाहनों की जांच भी की गई। आदर्श +2 उच्च विद्यालय, मधवाटांड़, जयनगर और लक्ष्मी नारायण विद्यापीठ, जयनगर में परिचालित स्कूल वाहनों की दस्तावेजी जांच में कई गड़बड़ियां सामने आईं। जांच के दौरान मधवाटांड़ के 7 और लक्ष्मी नारायण विद्यापीठ के 4 वाहनों के कागजात अधतन नहीं पाए गए, जिसके चलते कुल 11 वाहनों को जब्त कर लिया गया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि कोडरमा में संचालित सभी वाणिज्यिक और स्कूल वाहनों के लिए परमिट, फिटनेस, बीमा, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट और अन्य आवश्यक कागजात का समय पर नवीनीकरण अनिवार्य है। इस नियम की अनदेखी पर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग का कहना है कि ऐसे अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे, जिससे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और बिना वैध कागजात के चलने वाले वाहन सड़कों से हटाए जा सकें। यह कदम यात्रियों, खासकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

