Koderma News:- कोडरमा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया। रांची-पटना रोड के एनएच 20 स्थित होली फैमिली हॉस्पिटल के समीप एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को अपराह्न करीब 4:30 बजे ट्रक (जेएच 05 डी के 3843) कोडरमा की ओर से झुमरीतिलैया की ओर जा रहा था। उसी समय बाइक (जेएक 0912) पर सवार दो युवक विपरीत दिशा से कोडरमा की ओर आ रहे थे। इस दौरान ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने तत्काल सदर अस्पताल पहुँचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में गिर गया। ट्रक चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए।
मृतकों की पहचान सतगांव थाना क्षेत्र के सरवहना निवासी प्रवीण कुमार (पिता रामलखन यादव) और अरविंद कुमार (पिता बद्रीनाथ यादव) के रूप में हुई है। कोडरमा पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
स्थानीय लोग और राहगीर इस दर्दनाक हादसे से सकते में हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक व उपचालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
इस दुर्घटना ने पूरे इलाके में सड़क सुरक्षा और ट्रक ड्राइविंग नियमों का पालन करने की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

