Ranchi News:- झारखंड की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले झारखंड स्थापना दिवस के मुख्य समारोह को लेकर मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 15 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए तीन आईपीएस अधिकारी, छह डीएसपी, 40 इंस्पेक्टर, और 80 दरोगा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है।
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता सह आईजी (अभियान) डॉ. माइकल राज ने बताया कि समारोह के दिन सुबह 6 बजे से ही जवान मुस्तैद रहेंगे। सुरक्षा को तीन लेयर में बांटा गया है, जिसमें जैप, एटीएस, बम निरोधक दस्ते और झारखंड जगुआर की टीम शामिल है।
पूरे शहर और आयोजन स्थल की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से की जाएगी। इसके लिए एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां तैनात अधिकारी हर पल की स्थिति रिपोर्ट करेंगे।
साथ ही, सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।
कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों और लोगों की मेटल डिटेक्टर व स्कैनर से जांच की जाएगी। पूर्ण तलाशी के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
मुख्य समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
प्रशासन ने सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।

