Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान लागू आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर सारण जिले में तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि ये शिक्षक राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होकर चुनावी नियमों का उल्लंघन कर रहे थे।
जांच के बाद सारण जिला प्रशासन ने तीनों को दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया है। जिन शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है, उनमें —
1️⃣ प्रियंका कुमारी, विशिष्ट शिक्षिका, राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छपरा
2️⃣ सुरेंद्र कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय रतनपुरा, छपरा सदर
3️⃣ चन्द्रमोहन कुमार सिंह, पंचायत शिक्षक, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, धेनुकी, देवरिया (जलालपुर प्रखंड) — शामिल हैं।
आदेश में कहा गया है कि सरकारी या मानदेय कर्मी का किसी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होना या किसी उम्मीदवार के पक्ष में बयान देना आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षिका प्रियंका कुमारी ने एक मीडिया हाउस द्वारा आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम में भाग लिया था, जिसके बाद उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई और जिला शिक्षा पदाधिकारी ने उन्हें निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी तरह, प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार सिंह पर भी एक राजनीतिक बहस कार्यक्रम में भाग लेने का आरोप साबित हुआ है। जांच रिपोर्ट के बाद उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तुरंत निलंबन का आदेश दिया गया।
वहीं, पंचायत शिक्षक चन्द्रमोहन कुमार सिंह पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से एक विशेष उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील की थी। जांच में यह सत्य पाए जाने के बाद उन्हें भी निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान किसी भी सरकारी कर्मी द्वारा राजनीतिक गतिविधि में शामिल होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले भी सारण जिले में एक अन्य शिक्षक पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था

