जवाहर मार्ग स्थित दौलतगंज में हुआ हादसा, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
Indore News:-मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। जवाहर मार्ग स्थित झंडा चौक के पास दौलतगंज इलाके में करीब सवा नौ बजे एक तीन मंजिला मकान भरभरा कर गिर गया। हादसे में एक युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज एमवाय अस्पताल में चल रहा है, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ढहा हुआ मकान सम्मू बाबा का था, जो करीब 10-15 साल पुराना बताया जा रहा है। इसमें चार परिवार रहते थे। लगातार बारिश और तलघर में पानी भरने से मकान में दरारें आ गई थीं। सोमवार रात करीब 9.10 बजे अचानक मकान धंसकर गिर गया।
सूचना मिलते ही नगर निगम की रिमूवल टीम, पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दो जेसीबी मशीनों की मदद से रातभर मलबा हटाने का काम चलता रहा। कलेक्टर शिवम वर्मा और पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और भाजपा विधायक गोलू शुक्ला समेत कई जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पहुंचे।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि हादसे के समय मकान में रहने वाले 14 लोग मलबे में दब गए थे। इनमें से 20 वर्षीय अल्फिया पुत्री रफीउद्दीन और फहीम की मौत हो गई। अल्फिया का शव देर रात डेढ़ बजे और फहीम का शव मंगलवार सुबह चार बजे निकाला जा सका।
घायलों में अल्ताफ (28), रफीउद्दीन (60), यासीरा (3 माह), नबी अहमद (7), सबीस्ता अंसारी (28), सैबुद्दीन (62), सलमा बी (45), आलिया अंसारी (23), शाहिदा अंसारी (55), अमीनुद्दीन (40), आफरीन (32) और एक अन्य शामिल हैं।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने मकान के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया है और क्षेत्र में अन्य जर्जर भवनों का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।

