Chatra News:- झारखंड के चतरा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के शीला से आगे तलसा स्कूल के पास एनएच-100 पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। शीला पिकेट प्रभारी राहुल दुबे की देखरेख में पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि वहां के डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में मृतकों में से एक की पहचान वीरेंद्र गंझू उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। वह सिमरिया थाना क्षेत्र के गोवा खुर्द गांव का रहने वाला था और बस में कंडक्टर का काम करता था। बाकी दो मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों अज्ञात मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज के शीत गृह में सुरक्षित रखवाया है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि मृतक आसपास के ही गांवों के रहने वाले हो सकते हैं।
इस सड़क दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग लगातार एनएच-100 पर हो रहे हादसों को लेकर चिंता जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों और तेज रफ्तार का दबाव बढ़ने से दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग कर रहे हैं।

