Patna News: झारखंड के पलामू जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने की तीन अलग-अलग घटनाओं में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक खेतों में मजदूरी का काम कर रहे थे। पहली घटना सतबरवा थाना क्षेत्र की है, जहां विफन मोची (45) की वज्रपात से मौत हो गई। वह अपने खेत में धनरोपणी की तैयारी कर रहा था, तभी तेज बारिश के साथ बिजली गिरी। विफन गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तुंबागड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के तीन बच्चे हैं और उसके पिता दृष्टिहीन हैं।
दूसरी घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के चौरा गांव में हुई। यहां पूर्णि देवी (50) और संगीता देवी (30) खेत में धान की रोपाई कर रही थीं, तभी अचानक बिजली गिर गई। पूर्णि देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संगीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें नीलांबर-पीतांबरपुर के अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर रेफर किया गया है। मृतका के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी है।
तीसरी घटना पांकी थाना क्षेत्र के करीवा पत्थर गांव में सामने आई। मुरारी भुइयां (40) परसिया गांव के एक खेत में काम कर रहे थे, तभी वज्रपात की चपेट में आकर मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए। स्थानीय मुखिया ने मृतक परिवार को सहायता देने की बात कही है।
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच और सदर अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन से मुआवजे की मांग की गई है।

