Patna News:- सारण पुलिस ने नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने बेचे गए नवजात को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि 26 सितंबर 2025 को जनता बाजार थाना में एक महिला ने आवेदन दिया था। महिला ने आरोप लगाया कि उसका प्रसव माँ दुर्गा नर्सिंग होम नामक फर्जी क्लिनिक में कराया गया, जहां आरोपितों ने अधिक धन की मांग कर नवजात को जबरन छीन लिया और किसी व्यक्ति को बेच दिया।
इस आधार पर जनता बाजार थाना कांड संख्या 228/25 दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के सरगना हरिकिशोर प्रसाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसका भाई उपेन्द्र सिंह और उसका साथी सोनू गिरी ने नवजात को 5 लाख रुपये में बेच दिया था।
पुलिस ने हरिकिशोर की निशानदेही पर दिल्ली और गुजरात के बडोदरा में मिशन मुक्ति फाउंडेशन व रेस्क्यू फाउंडेशन की मदद से सोनू गिरी को गिरफ्तार किया। बाद में उसकी निशानदेही पर शिशु को सिवान जिले के उखई गांव से सकुशल बरामद किया गया।सारण एसपी ने बताया कि फर्जी क्लिनिक की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही है।उन्होंने कहा कि “स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।”

