Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार स्थित सुभाष चौक पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। हाईमास्ट लाइट से जुड़े बिजली के तार में करंट दौड़ जाने से सड़क पर घूम रहे एक सांड की मौके पर मौत हो गई, जबकि पास में मौजूद दो बकरियां गंभीर रूप से झुलस गईं और तड़प-तड़पकर उनकी भी जान चली गई।
घटना ने रेलवे कार्य में हो रही लापरवाही की पोल खोल दी। स्थानीय लोग बताते हैं कि सड़क पर बिजली का तार बिछाने के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया था। इसी कारण यह दुर्घटना हुई।
हादसे के समय मौके पर मौजूद जेएलकेएम नेता दुर्गा पद घोष ने तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने हाईमास्ट लाइट की बिजली आपूर्ति बंद कराई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि समय रहते बिजली सप्लाई बंद नहीं की जाती, तो कोई राहगीर भी करंट की चपेट में आ सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिजली पोल से सड़क पार कराकर हाईमास्ट लाइट तक तार खींचा गया था। आशंका है कि हाल ही में किए गए रेलवे पुलिया निर्माण कार्य के दौरान संवेदक द्वारा गड्ढा खोदने के बाद उसे सही ढंग से नहीं भरा गया। इसी वजह से तार ढीला होकर नीचे आ गया और उसमें करंट फैल गया। इसी तार की चपेट में आकर तीनों पशुओं की जान गई।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना ने प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही को उजागर कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में हो रहे बिजली और निर्माण कार्यों की सघन जांच की जाए और जिम्मेदार ठेकेदार व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो।
फिलहाल इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक इस तरह की घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी।

