Ramgarh News:- रामगढ़ शहर के कांके बार स्थित बजाज बाइक शोरूम में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। धनतेरस की रात जब पूरा बाजार खरीदारी में व्यस्त था, उसी दौरान चोरों ने शोरूम से लगभग पांच लाख रुपये नकद और कुछ चेक उड़ा लिए।
रविवार की सुबह जब शोरूम का शटर खोला गया तो वहां मौजूद दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कैशियर के कमरे का शीशा टूटा हुआ था और नकदी गायब थी। इसकी जानकारी शोरूम के मालिक वत्सल पोद्दार ने तुरंत रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि चोर शोरूम के पीछे बने लेडीज बाथरूम के वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर घुसा था। वहां से वह सीधे कैशियर रूम में पहुंचा और काउंटर का शीशा तोड़कर कैश ड्रॉअर से रुपये लेकर फरार हो गया।
पुलिस को शोरूम के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है। करीब 41 मिनट लंबे वीडियो में हुडी पहने एक युवक शोरूम में प्रवेश करता दिख रहा है। वह बेहद सधे तरीके से कैशियर रूम में जाकर नगद रकम अपने बैग में रखता है और फिर मौके से निकल जाता है। हालांकि चोर ने चेहरा हुडी और मास्क से ढक रखा था, जिसके कारण पहचान फिलहाल मुश्किल है।
पुलिस अब शोरूम के आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्ध की पहचान की जा सके। जांच टीम को शक है कि चोरी की इस वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है, क्योंकि चोर को शोरूम की संरचना और रास्तों की पूरी जानकारी थी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

