Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित भीड़भाड़ वाले चौक बाजार में शनिवार को हुई बड़ी चोरी की वारदात से पूरा व्यापारिक क्षेत्र दहशत में है। बाटा चौक स्थित जेम्स हाउस नामक रत्न दुकान से एक युवक दिनदहाड़े करीब 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के रत्न चुराकर फरार हो गया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ रिकॉर्ड हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब दुकान मालिक कुछ देर के लिए शौच करने गए थे और दुकान का कर्मचारी पड़ोस की दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान अपराधी मौके का फायदा उठाते हुए दुकान में घुसा और भीतर रखी पेटी का ताला तोड़ दिया। उसने पुखराज, नीलम, पन्ना समेत लाखों रुपये के कई कीमती रत्न झटपट समेटे और वहां से भाग निकला।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपित का चेहरा और उसकी गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पूरे चौक बाजार में सनसनी फैल गई। व्यापारियों ने कहा कि इलाके में पुलिस गश्त की कमी के कारण लगातार तीसरी बार चोरी की घटना हुई है, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा है।
सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उसे नाराज व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की ढीली चौकसी से बाजार में अपराध बढ़ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही चोर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
व्यापारी संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि चौक बाजार में हो रही लगातार चोरियों को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल, इस घटना ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं और व्यापारी पुलिस से तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

