Jamshedpur News:- जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोरी की वारदात ने लोगों में दहशत फैला दी है। गणेश पूजा मैदान के पास रोड नंबर-2, ब्लॉक नंबर 66/2/1 स्थित गौरव कुमार सिन्हा के घर में शनिवार की रात चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर, मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए।
पीड़ित गौरव सिन्हा के अनुसार, चोरी गए सामानों में लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर शामिल हैं। इनमें सोने का मांगटीका, झुमका, चांदी की पायल, चार बिछिया, एक एप्पल मोबाइल फोन, हेडफोन और 1500 रुपये नकद शामिल हैं। घटना के समय पूरा परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था।
गौरव ने बताया कि उनकी बहन की नींद अचानक खुली तो उसने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है और अलमारी के ताले टूटे पड़े हैं। जब परिवार के अन्य सदस्य उठे तो घर का सारा सामान बिखरा मिला और ऊपर के फ्लोर पर दस्तावेज इधर-उधर पड़े थे।
घटना की जानकारी मिलते ही गौरव ने तुरंत बागबेड़ा थाना को सूचना दी। प्रारंभ में पुलिस ने कोई विशेष प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन बाद में थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घर की जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का भी प्रयास किया जा रहा है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
घटना की खबर फैलते ही पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उपमुखिया संतोष ठाकुर और समाजसेवी मुदिता सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि पंचायत प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा। साथ ही, उन्होंने पुलिस से इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले बागबेड़ा पंचायत भवन में भी चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हुआ है। इससे लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली है।

