Ranchi News:- राजधानी रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। बाजारटांड़ के पास स्थित ‘उत्तम ज्वेलर्स’ दुकान का ताला काटकर चोर करीब 10 किलो चांदी लेकर फरार हो गए। घटना देर रात की बताई जा रही है, जिसमें चोरों ने पूरी योजना बनाकर दुकान को निशाना बनाया। चोरी को अंजाम देने के बाद अपराधी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी निकालकर साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
ज्वेलर्स दुकान के मालिक ने बताया कि दुकान में 10 किलो चांदी के अलावा सोने के कई गहने भी मौजूद थे। हालांकि, सोने के आभूषण तिजोरी में सुरक्षित थे, जिसकी वजह से वे चोरी होने से बच गए। मालिक ने आशंका जताई कि चोर दुकान की व्यवस्था और समय-सारिणी से अच्छी तरह वाकिफ थे।
चोरी की इस वारदात ने एक और चौंकाने वाला पहलू उजागर किया। दुकान के आसपास गश्त कर रहे बहादुर नामक कर्मी को चोरों ने पहले पकड़ लिया और फिर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। बहादुर ने बताया कि दुकान के पास संदिग्ध गतिविधि देखकर उसने सिटी बजाकर चेतावनी देने की कोशिश की, तभी चोरों ने उसे काबू कर लिया। सुबह गांव के कुछ लोग सड़क से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने उसे बंधन से मुक्त कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही बेड़ो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों के बारे में सुराग मिल सके। दुकान के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस चोरी की घटना से इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

