Jamshedpur News:- परसडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर में रविवार देर रात चोरों ने एस.के. ज्वेलर्स में सेंधमारी कर करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की चोरी कर ली। सोमवार सुबह जब आसपास के दुकानदार दुकान के पास पहुंचे तो उन्होंने पीछे की दीवार टूटी हुई देखी और तुरंत इसकी सूचना दुकान मालिक सुजीत कुमार वर्मा को दी।
सूचना मिलते ही सुजीत वर्मा मौके पर पहुंचे और देखा कि दुकान के काउंटर में रखे अधिकांश आभूषण और नकद रकम गायब हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
दुकान मालिक के पुत्र साहिल कुमार ने बताया कि यह दुकान पिछले साढ़े तीन साल से इसी स्थान पर संचालित हो रही है, लेकिन इस तरह की वारदात पहली बार हुई है। उन्होंने बताया कि दुकान में पहले से ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन कुछ दिनों से वे खराब थे, जिससे चोरों की पहचान नहीं हो पा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि चोरों की पहचान के लिए टीम गठित की गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

