Hazaribag News:- जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के झरदाग गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। छठ पूजा के समापन के बाद तालाब में सफाई करने गईं एक ही परिवार की चार बच्चियां डूब गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना के संबंध में बताया गया है कि घर में छठ पूजा संपन्न होने के बाद परिवार की महिलाएं और बच्चियां तालाब की सफाई के लिए गई थीं। इसी दौरान पैर फिसलने से एक के बाद एक चार बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।
मृत बच्चियों की पहचान रिकी कुमारी (16) पिता मुकेश कुमार, पूजा कुमारी (20) पिता राजू साव (नानी घर आई थी), साक्षी कुमारी (16) पिता मुकेश साव और रिया कुमारी (14) पिता प्रेमचंद साव के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि तालाब पर कुल छह लोग गए थे, जिनमें दो किसी तरह बच गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पूजा समाप्ति के बाद सभी लोग तालाब की सफाई कर रहे थे। तभी अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया, उसे बचाने के चक्कर में बाकी तीन भी डूब गईं।
घटना की सूचना मिलते ही कटकमसांडी पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को बरामद कर अंत्यपरीक्षण के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
गांव में छठ का उल्लास पलभर में मातम में बदल गया। पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसर गया है।

