Chatra News:- झारखंड-बिहार सीमा पर तैनात पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। वशिष्ठ नगर जोरी थाना पुलिस ने सोमवार रात दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर करीब 12 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से अवैध शराब की बड़ी खेप चतरा के रास्ते बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात कार्रवाई शुरू की।
पहली छापेमारी घंघरी गांव में हुई, जहां से अजय दास को गिरफ्तार कर उसके घर से शराब बरामद की गई। अजय की निशानदेही पर टीम ने कांगुरूआ गांव में भी छापा मारा। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध काली स्कॉर्पियो को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर चालक मो. सद्दाम पकड़ा गया और स्कॉर्पियो से 25 कार्टून अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 178 कार्टून शराब जब्त की गई, जिसमें विभिन्न कंपनियों के ब्रांड शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, यह शराब हरियाणा से लाई गई थी और इसे बिहार में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान खपाने की योजना थी। फिलहाल पुलिस तस्करों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की तलाश कर रही है।

