Hazaribagh News: । हजारीबाग पुलिस ने जिले में हुए 1.5 करोड़ रुपये की चोरी के मामले का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कांड में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से सोना-चांदी के गहने, एक मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
ज्ञात हो कि 2.10.2025 को केरेडारी थाना क्षेत्र के केरेडारी बाजार टॉड निवासी कुलदीप सोनी के घर में अज्ञात चोरों के द्वारा घर का ताला तोड़कर लगभग 1.5 करोड़ रुपए मूल्य के सोना-चाँदी के आभूषणों की चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में वादी के आवेदन पर केरेडारी थाना कांड संख्या-160/25, दिनांक 03.10.2025, धारा-305/331(3) बी.एन.एस. के अंतर्गत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने एसडीपीओ (सदर) अमित आनंद के नेतृत्व में केरेडारी थाना क्षेत्र के कोदवे के पास छापेमारी कर आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों में रोहन कुमार, अंकित कुमार, सुमित गुप्ता, सन्नू कुमार और मुकेश कुमार शामिल हैं। पूछताछ में इन सभी ने कुलदीप सोनी के घर में घुसकर ताले तोड़कर लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के सोना-चांदी के गहने चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर राजेश सोनी और राहुल कुमार को भी गिरफ्तार किया है। बरामदगी में 264.5 ग्राम सोना, 444 ग्राम चांदी, एक बाइक (JH02AV-6061) और सात मोबाइल फोन शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मुख्य आरोपी मुकेश कुमार (28) पहले लातेहार जिले में बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है। वहीं, सुमित गुप्ता पर बड़कागांव, कटकमदाग और हजारीबाग सदर थाने में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। राजेश सोनी भी पूर्व में फर्जी सोना देकर बैंक से फंड निकालने के आरोप में अभियुक्त रह चुका है।
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। टीम में बड़कागांव, केरेडारी, लोहसिंघना और एटीपीओ थानों की संयुक्त पुलिस शामिल रही। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

