Sahibganj News ;- साहिबगंज जिले के भोगनाडीह में सोमवार को हूल दिवस से पहले माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब सिदो कान्हू पार्क के ताले को लेकर पुलिस और आदिवासियों के बीच झड़प हो गई। घटना तब शुरू हुई जब आदिवासी समुदाय के लोग पार्क का ताला टूटा हुआ देखकर भड़क गए। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक हथियारों जैसे तीर और पत्थर से पुलिस पर हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। झड़प के बाद पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिला उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
दरअसल, सिदो कान्हू हूल फाउंडेशन और आतु मांझी बैसी ने हूल दिवस पर भोगनाडीह में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बावजूद आयोजकों ने पार्क में पंडाल लगाना शुरू कर दिया था। प्रशासन ने शनिवार की रात 13 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया, जिससे आदिवासी समुदाय में आक्रोश फैल गया।
रविवार को आदिवासी नेता मंडल मुर्मू के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने सिदो कान्हू पार्क का ताला जड़ दिया और पारंपरिक हथियारों के साथ विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि बाद में स्थिति नियंत्रित होने पर श्रद्धालुओं ने पार्क में जाकर सिदो कान्हू, चांद भैरव और फूलो झानो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

