Palamu News:- पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में झोला छाप डॉक्टर की लापरवाही ने एक महिला की जान ले ली। इस घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार की रात से रविवार सुबह तक जमकर हंगामा किया और शव रखकर सड़क जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार पांकी निवासी जितेंद्र कुमार भुईया की पत्नी पूनम देवी का इलाज थाना रोड स्थित सोमी सेवा सदन नामक फर्जी हॉस्पिटल में चल रहा था। मृतका के पति ने बताया कि करीब एक साल पहले इसी अस्पताल में डॉक्टर एचएन झा ने बंध्याकरण ऑपरेशन किया था। तभी से उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ी रहने लगी। शनिवार को तेज पेट दर्द के कारण वे पत्नी को फिर से उसी अस्पताल लाए, जहां डॉक्टर झा ने ऑपरेशन कर ट्यूमर निकालने का दावा किया। लेकिन कुछ ही देर बाद मरीज की हालत बिगड़ने लगी, पेट फूल गया और मुंह–नाक से झाग आने लगा।
गंभीर स्थिति में डॉक्टर ने गाड़ी बुलाकर मरीज को मेदिनीनगर रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि मरीज की मौत एक घंटे पहले ही हो चुकी है। गाड़ी चालक शव को छोड़कर भाग निकला। जब परिजन शव को वापस पांकी अस्पताल लाए तो पाया कि डॉक्टर हॉस्पिटल बंद कर फरार हो चुका था।
घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने पांकी–बालूमाथ मुख्य सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात ठप रहा। मौके पर पहुंचे पांकी विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता ने कहा कि इलाके में फर्जी अस्पताल लोगों की जान ले रहे हैं, ऐसे डॉक्टर और स्टाफ पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि केवल रजिस्टर्ड अस्पताल ही संचालित किए जाएंगे और बाकी सभी फर्जी क्लिनिक सील किए जाएंगे।
इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाके के कई नर्सिंग होम की जांच की। जांच में पता चला कि कुछ महीने पहले सील किया गया किरण सिंह क्लिनिक दोबारा चालू मिला। अन्य अस्पतालों में भी कई अनियमितताएं पाई गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार जांच के बाद कुछ दिन कार्रवाई होती है, फिर हालात पहले जैसे हो जाते हैं।

