Jamshedpur News:- जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्यूब बारीडीह स्थित एम टाइप फ्लैट परिसर में गुरुवार की देर रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने एक साथ कई गैरेजों के ताले तोड़ दिए और एक बाइक चोरी कर फरार हो गए। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक बाइकों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त भी कर दिया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। शुक्रवार की सुबह जब स्थानीय लोग अपने गैरेज खोलने पहुंचे तो चोरी और तोड़फोड़ की वारदात का खुलासा हुआ। एक गैरेज से बाइक गायब थी, जबकि अन्य बाइकों के हैंडल, शीशे और सीटें टूटी हुई मिलीं। चोरों ने कई गैरेजों से उपकरण और बाइक के पार्ट्स भी चुरा लिए।
यह पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध युवकों को देर रात परिसर में घूमते और गैरेजों के ताले तोड़ते हुए देखा गया है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस का कहना है कि चोरों ने वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि वे आधी रात के बाद परिसर में दाखिल हुए और कुछ ही मिनटों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में अज्ञात और संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ी हुई थी, लेकिन किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया। अब लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए लोगों ने इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।

