धनबाद।

सरायढेला थानाक्षेत्र के कुसुम विहार में अपराधियों ने बीएसएनल के रिटायर्ड एसडीओ स्व. सतीश चंद्र सिन्हा के आवास पर धावा बोलकर गृहस्वामिनी की चाकू मारकर हत्या कर भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। घटना सोमवार की रात करीब 10 बजे की बतायी गई है। घटना के वक्त गृहस्वामिनी शीला सिन्हा (65) घर में अकेले में थी। डकैतों ने कांड को अंजाम देने के बाद घर के दरवाजे पर ताला लगा दिया था। लूटपाट के दौरान महिला की हत्या किए जाने की संभावना जतायी जा रही है। डकैतों के हाथ कितने की संपति लगी है इसका कोई सटीक जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। वहीं डकैतों की संख्या के संबंध में भी जानकारी नही मिल सकी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। एसएसपी ने स्वयं किराएदार सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की।
घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार मृतका का पुत्र सुमित कुमार सिन्हा पटना में रहता है। जबकी पुत्री श्वेता सिन्हा की शादी छत्तीसगढ़ में हुई है। वह छत्तीसगढ़ में ही रहती हैं। घर पर शीला लंबे समय से अकेले रहती थीं। रात में जब पुत्र ने अपनी मां से बात करने के लिए फोन किया तो फोन रिसीव नही हुआ, जिसके बाद उसने अपने किराएदार सेंट्रल जीएसटी के इंस्पेक्टर दिलीप कुमार को फोन कर इसकी सूचना दी। दिलीप कुमार जब गेट पर पहुंचे तो वहां ताला लगा पाया। कुछ देर तक इंतजार करने के बाद अनहोनी की आशंका जताते हुए 100 डायल पर पुलिस को सूचना देते हुए ताले को तोड़ने की कोशिश की। रात करीब साढ़े 11 बजे सरायढेला थाना प्रभारी किशोर तिर्की के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस जब ताला तोड़कर अंदर गई तो देखा कि शीला सिन्हा कमरे में बिस्तर के बगल में अचेत पड़ी हुई थीं। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। बाद में एसएसपी असीम विक्रांत मिंज, सिटी एसपी और आर रामकुमार और एएसपी लॉ एंड ऑर्डर मनोज स्वर्गियरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। घटना को लेकर देर रात तक शीला सिन्हा के घर के बाहर आसपास के लोगों की भीड़ जुटी हुई थी।