बेगूसराय।
एक कलयुगी पुत्र ने रविवार की रात अपने पिता को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पिता का कसूर बस इतना था कि उसने दूसरी जाति की लड़की से शादी कर घर लाने पर पुत्र का विरोध किया था। घटना बखरी थाना क्षेत्र के विजयलख गांव की है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी में जुट गई है ,जबकि गांव में दहशत का माहौल है। घायल की पहचान गांव निवासी पंजाबी यादव के रूप में की गई है। घायल पिता का इलाज स्थानीय अस्पताल में हो रहा है।

जानकारी अनुसार पंजाबी यादव का पुत्र ओमप्रकाश यादव उर्फ ओमी यादव जो अपराधी प्रवृत्ति का है। तीन दिन पहले महादलित समुदाय के मुसहर जाति की एक लड़की से शादी कर अपने घर ले आया था। इसके बाद पंजाबी यादव विरोध कर रहा था। गांव वाले पंजाबी यादव को ताना देकर जलील कर रहे थे। इस पर रविवार की रात पंजाबी यादव ने अपने पुत्र ओमी यादव को शादी तोड़ने को कहा। इस पर आक्रोशित होकर ओमी यादव ने अपने पिता को गोली मार दी।
बताया जाता है कि इस घटना से दहशतजदा गांव के अधिकांश पुरुष घर छोड़कर भाग गए हैं। आरोपी ओमी यादव अपराधी प्रवृत्ति का है।