Ranchi News:- झारखंड सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अलका तिवारी को राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया है। वे 1988 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं। मंगलवार को मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद बुधवार की शाम को उन्हें नई जिम्मेदारी सौंप दी गई।
राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, अलका तिवारी अपने पद ग्रहण करने की तिथि से अगले चार वर्षों तक राज्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में कार्य करेंगी। हालांकि नियम के अनुसार यदि वे इस दौरान 65 वर्ष की आयु पूरी कर लेती हैं तो उसी दिन से उनका पद स्वतः रिक्त हो जाएगा। उनकी नियुक्ति झारखंड पंचायत राज अधिनियम, 2001 की धारा 66 (2) के तहत की गई है। इस आदेश को राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त है।
अलका तिवारी झारखंड प्रशासन में लंबे समय तक विभिन्न अहम पदों पर कार्य कर चुकी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। मुख्य सचिव के रूप में भी उन्होंने राज्य प्रशासन को नई दिशा देने की कोशिश की। अब राज्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में वे पंचायत से लेकर निकाय चुनाव तक की जिम्मेदारी निभाएंगी।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को ही अविनाश कुमार को झारखंड का नया मुख्य सचिव बनाया गया। वे 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पहले कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी की जगह ली है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अलका तिवारी के अनुभव का लाभ राज्य निर्वाचन आयोग को मिलेगा। आने वाले समय में झारखंड में पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू होनी हैं, ऐसे में उनकी नियुक्ति को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

