Palamu News:-झारखंड के पलामू जिले में बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग जगहों पर सांप के काटने से एक नवविवाहिता की मौत हो गई, जबकि एक अधेड़ महिला गंभीर रूप से बीमार है। पहली घटना विश्रामपुर थाना क्षेत्र के वंदला गांव की है, जहां बुधवार की रात सोते वक्त 30 वर्षीय नवविवाहिता कृति देवी को जहरीले सांप ने डस लिया। कृति की शादी महज चार महीने पहले सूरज रजवार से हुई थी। जब परिवार को घटना की जानकारी हुई, तो उसे तत्काल विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर एमएमसीएच रेफर किया गया। गुरुवार दोपहर 12 बजे कृति को एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव घर ले गए।
दूसरी घटना नावाबाजार प्रखंड के तुकबेरा गांव की है, जहां 45 वर्षीय विमला देवी को गुरुवार दोपहर सोते वक्त जहरीले सांप ने डस लिया। शुरुआत में परिजन झाड़-फूंक में उलझे रहे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। जब हालत ज्यादा खराब हुई, तो महिला को एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, लेकिन फिर बेहतर इलाज के लिए उसे तुंबागाड़ा स्थित नवजीवन अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश के प्रति जागरूकता और समय पर चिकित्सा की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

