Lohardaga News:- लोहरदगा जिले के नक्सल प्रभावित पेशरार थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां पति-पत्नी और उनके आठ वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैला दी है। मृतकों की पहचान लक्ष्मण नगेसिया (50), उनकी पत्नी बिफनी नगेसिया (47) और पुत्र रामबिलास नगेसिया (8) के रूप में हुई है। तीनों की हत्या उनके घर में ही की गई। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या कुदाल से वार कर की गई, जिससे शवों की स्थिति बेहद भयावह थी।
घटना की सूचना मिलते ही किस्को एसडीपीओ वेदांत शंकर और पेशरार थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके को घेरकर सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया है और आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है।
एसडीपीओ वेदांत शंकर ने बताया कि यह एक गंभीर मामला है, और पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि “जो भी इस निर्मम वारदात में शामिल हैं, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जल्द ही आरोपितों को सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।”
स्थानीय लोगों के अनुसार, हत्या की इस घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। वहीं, क्षेत्र में डायन-बिसाही (टोना-टोटका) के कारण हत्या होने की चर्चा भी जोरों पर है। सूत्रों का कहना है कि मृतक की बहू सुखमनिया नगेसिया की चुप्पी पुलिस को शक के घेरे में डाल रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या के हर कोण से जांच कर रही है—चाहे वह पारिवारिक विवाद हो, अंधविश्वास हो या किसी अन्य कारण से की गई साजिश। प्रशासन ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे किसी अफवाह पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें।

