Jamshedpur News:- कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चांपी गांव में हुई हत्या और हमले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस जघन्य वारदात में शामिल दो आरोपियों — शिशुघर सरदार और विक्रम सरदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी जितेन सरदार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसकी तलाश जारी है।
13 जुलाई की रात वृद्धा निरासी सरदार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी, जबकि उसकी बेटी गुलाबी सरदार और नातिन संध्या सरदार पर भी जानलेवा हमला किया गया था। दोनों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और रांची के रिम्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने बताया कि घटना में प्रयुक्त कुदाल और चापड़ को बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि कुछ दिनों पहले जमीन को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, उनका कहना है कि उनकी योजना केवल निरासी सरदार की हत्या करने की थी, लेकिन वारदात के दौरान जब गुलाबी और संध्या जाग गईं, तो उन्होंने घबराहट में उन पर भी हमला कर दिया।
इस मामले में मृतका की पुत्री गीता सरदार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया था कि उसके ही कुछ रिश्तेदारों ने संपत्ति विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया। सभी आरोपी आसपास ही रहते हैं। गीता जमशेदपुर में रहकर पढ़ाई करती है।
कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान के नेतृत्व में एसआई अजंता महतो, सिदो मुर्मू, आरक्षी रविंद्र सरदार सहित कई पुलिसकर्मियों की विशेष छापेमारी टीम बनाकर इस मामले का खुलासा किया गया।

