Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गाढ़ाबासा में सोमवार की मध्यरात्रि हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत और गुस्से से भर दिया। यहां 22 वर्षीय युवक अजय बासा उर्फ झंटू की हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हत्या जादू-टोना की कुप्रथा के तहत बली चढ़ाने के लिए की गई।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात अजय अपने मित्र संदीप के साथ घर से निकला था। कुछ घंटों बाद उसकी लाश गली में संदिग्ध हालात में मिली। सिर और धड़ अलग पड़े थे। ग्रामीणों ने संदीप पर आरोप लगाया कि वह जादू-टोना के काम में शामिल था और किसी तांत्रिक अनुष्ठान के लिए उसने अजय की जान ले ली।
घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पूरे गाढ़ाबासा इलाके में हंगामा शुरू हो गया। परिजन बेकाबू होकर रोते-बिलखते रहे। आसपास के लोगों का कहना है कि मृतक अजय घर का इकलौता बेटा था। कुछ ही दिन पहले उसके पिता का भी निधन हो गया था। इस दोहरी त्रासदी से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार कर लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की असली वजह स्पष्ट होगी।
इस जघन्य वारदात ने एक बार फिर समाज में जड़ जमा चुके अंधविश्वास और जादू-टोना की कुप्रथा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाएं न केवल सामाजिक ताने-बाने को तोड़ती हैं, बल्कि इंसानियत पर भी कलंक हैं।

