Ranchi News:- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार शाम दिल्ली से रांची लाया गया। रांची एयरपोर्ट से मोरहाबादी स्थित उनके आवास तक हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। हर आंख नम थी, और माहौल पूरी तरह शोकमय।
शिबू सोरेन के चाहने वालों ने हाथों में तख्तियां थाम रखी थीं, जिन पर लिखा था – “जब तक सूरज चांद रहेगा, गुरुजी शिबू सोरेन का नाम रहेगा।” पूरा शहर “वीर शिबू सोरेन अमर रहें” के नारों से गूंजता रहा। छात्राएं, नेता, आमजन—सभी अंतिम दर्शन के लिए लाइन में खड़े दिखे।
राज्य के कई बड़े नेता जैसे मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय, सत्यानंद भोक्ता, सुरेश पासवान, और अन्य विधायकों के साथ-साथ हजारों की संख्या में आम लोग भी गुरुजी को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
गुरुजी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पहले रांची स्थित पार्टी कार्यालय और फिर विधानसभा में रखा जाएगा। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा (जिला रामगढ़) के बड़का नाला घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार की रस्में उनके छोटे बेटे बसंत सोरेन निभाएंगे।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जोएल ओराम भी शामिल होंगे, जो सोमवार की शाम रांची पहुंच चुके हैं। नेमरा गांव के मुखिया जीतलाल टूडू और फागु बेसरा ने यह जानकारी दी। राज्य भर में शोक की लहर है और लोगों ने गुरुजी की विरासत को सादर नमन किया है।
इस खबर को भी पढ़ें : शिबू सोरेन स्मृति शेष: आम जनमानस ने दिया था शिबू सोरेन को ‘दिशोम गुरू’ का दर्जा
इस खबर को भी पढ़ें : लालू यादव ने शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि,कहा शिबू सोरेन पूरे देश के दलित व आदिवासी समुदाय का बड़ा चेहरा थे

