Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव-2025 की तैयारियों के बीच जनता दल यूनाइटेड (जदयू) आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बताया कि पहली लिस्ट दोपहर तक जारी की जाएगी, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।
संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर हर सीट पर खुद विचार किया है। स्थानीय समीकरणों और राजनीतिक परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण की सूची भी कल तक घोषित कर दी जाएगी।
पहले दिन के प्रचार अभियान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे और एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में जनता से समर्थन की अपील करेंगे।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए संजय झा ने कहा कि राजग पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा, “अगर कभी सीटों या सेटिंग को लेकर कोई मतभेद हुआ भी तो उसे तुरंत सुलझा लिया गया। हमने शुरुआत से ही पारदर्शिता रखी है।”
उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि एनडीए ने पहले ही सीटों का बंटवारा और उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट कर दी है, लेकिन विपक्षी गठबंधन अब तक यह तय नहीं कर पाया है कि वह कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा और किसे उम्मीदवार बनाएगा।

