Ranchi News:- राजधानी रांची में विजयादशमी का पर्व इस बार बेहद खास होने वाला है। असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक दशहरा पर शहर के मोरहाबादी मैदान और अरगोड़ा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मोरहाबादी मैदान में इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और स्थानीय विधायक सीपी सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। पंजाबी हिंदू बिरादरी के कुणाल आजमाणी ने बताया कि आयोजन समिति की ओर से मंच, सुरक्षा, लाइटिंग और झांकियों की सजावट का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। केवल कुछ छोटे-मोटे कार्य शेष हैं, जिन्हें कारीगर तेजी से निपटा रहे हैं।
इस बार दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र 70 फीट ऊंचा रावण का पुतला होगा। इसके साथ ही कुंभकर्ण का 65 फीट और मेघनाद का 60 फीट का विशाल पुतला भी तैयार किया गया है। पुतलों के दहन के साथ आधुनिक तकनीक से आतिशबाजी और विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, जो लोगों को रोमांचित करेगी।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से आए कलाकार पारंपरिक नृत्य-नाट्य प्रस्तुत करेंगे। वहीं, कोलकाता और मुंबई से आई प्रोफेशनल टीम भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा रामायण की झांकियां भी सजाई गई हैं, जो आयोजन को और भव्य बनाएंगी।
सुरक्षा को देखते हुए मोरहाबादी मैदान और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। दूसरी ओर, अरगोड़ा मैदान में भी इस बार विशेष रावण दहन का आयोजन होगा। यहां रावण का पुतला 55 फीट, कुंभकर्ण का 50 फीट और मेघनाद का 45 फीट का होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले मोरहाबादी मैदान में रावण दहन करेंगे और उसके बाद अरगोड़ा मैदान के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दशहरा के इस मौके पर राजधानी रांची में दो बड़े आयोजनों से पूरे शहर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिलेगा।

