Jamshedpur News:– सुंदरनगर थाना क्षेत्र में 19 सितंबर को हुए कपल लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट का मोबाइल, पर्स, बैग और ऑटो बरामद किया है। वहीं, तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गम्हरिया निवासी शुभांकर रावत और उनकी मित्र योगिता बोबड़े 19 सितंबर की रात टाटानगर स्टेशन से मानगो बस स्टैंड जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए थे। लेकिन चालक ने उन्हें बस स्टैंड के बजाय सुंदरनगर थाना क्षेत्र के टाटा-हाता रोड स्थित भुरीडीह रेलवे फाटक के पास एक सुनसान इलाके में ले जाकर रोक दिया।
इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें चाकू के बल पर लूट लिया। अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और तीन मोबाइल फोन, 19 हजार रुपये नकद, एक बैग और लेडीज़ पर्स छीन लिया। विरोध करने पर शुभांकर को चाकू से घायल भी कर दिया गया।
पीड़ितों ने किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। अगले दिन, योगिता बोबड़े के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर बागबेड़ा थाना क्षेत्र से सचिन महतो (24) और सोहन गोप (22) को गिरफ्तार किया गया।
उनके पास से रेडमी मोबाइल, पीड़िता का काला बैग, गुलाबी पर्स और घटना में प्रयुक्त ऑटो (JH05EA-7665) बरामद हुआ।
जांच में खुलासा हुआ कि सचिन महतो पहले भी बागबेड़ा थाना कांड संख्या 20/2019 में संलिप्त रह चुका है।
सुंदरनगर थाना प्रभारी अजित कुमार मुंडा ने बताया कि तीसरे आरोपित की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी भी शीघ्र की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सफलता पुलिस की तत्परता और पीड़ितों की सूझबूझ का परिणाम है।
इस कार्रवाई में अंचल निरीक्षक जादूगोड़ा सुरेश प्रसाद, अनुसंधानकर्ता मिथुन स्वर्णकार, जितेंद्र कुमार सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

