Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा में उस समय सनसनी फैल गई जब चाईबासा कॉलेज के युवा प्रोफेसर रोहन श्रीवास्तव ने बुधवार की रात आत्महत्या कर ली। उनकी मौत से पूरा इलाका और परिवार गहरे सदमे में है। सूत्रों के अनुसार, घटना की शुरुआत उस समय हुई जब प्रोफेसर रोहन ने अपनी पत्नी से चाय बनाने को कहा और खुद अपने कमरे में चले गए। पत्नी जब कुछ देर बाद चाय लेकर कमरे में पहुंचीं, तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो रोहन पंखे से लटकते मिले।
घटना ने सभी को हिला दिया क्योंकि कमरे के भीतर आईने पर लिखा था – “सॉरी मोटो”। बताया जा रहा है कि “मोटो” उनकी पत्नी का प्यार का नाम था। इतना ही नहीं, उनके पैर के तलवे पर “मनी” लिखा मिला, जिसका मतलब अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का मानना है कि यह कोई निजी संदेश हो सकता है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि रोहन ने हाल ही में शादी की थी और वह आमतौर पर खुशमिजाज स्वभाव के थे। अचानक इस तरह का कदम उठा लेना परिवार और परिचितों के लिए बेहद चौंकाने वाला है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। आईने और शरीर पर मिले लिखे संदेशों को भी सुराग के तौर पर देखा जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोग इसे अकल्पनीय घटना मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

