Koderma News:- झारखंड सरकार के निर्देशानुसार 10 जून से 26 जून तक चले राज्यव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का कोडरमा में भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर जिला मुख्यालय में “मादक पदार्थ निषेध” विषय पर आधारित थीम मैराथन दौड़, शपथ ग्रहण समारोह और जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। मैराथन दौड़ की शुरुआत महाराणा प्रताप चौक से हुई और समापन जे.जे कॉलेज परिसर में हुआ। इस मैराथन में युवाओं, सरकारी कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
मुख्य कार्यक्रम में उपायुक्त श्री ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक श्री अनुदीप सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित किया और उनकी भागीदारी की सराहना की। उपायुक्त ऋतुराज ने कहा नशा व्यक्ति की सोच, स्वास्थ्य और भविष्य को नष्ट करता है। हमें नशे से दूरी बनाकर समाज और देश के लिए सकारात्मक योगदान देना चाहिए। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोडरमा को नशा मुक्त बनाया जाए।
सभी प्रतिभागियों ने नशा से दूर रहने और दूसरों को जागरूक करने की शपथ ली।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कोडरमा पुलिस नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। आज की मैराथन में युवाओं की भागीदारी बताती है कि समाज बदलाव के लिए तैयार है। अंत में उपायुक्त ने मैराथन के विजेताओं को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया और कहा कि यह शुरुआत भर है — इसे जन आंदोलन बनाना है।
इस कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती रिया सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री प्रिंस गोडविन कुजुर समेत कई अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

