Garhwa News:- गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के संगवरिया गांव में 48 घंटे के भीतर दो युवकों का शव फंदे पर लटका मिला। घटना से पूरे गांव में दुर्गा पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतकों की पहचान अर्जुन राम (18) और चंद्रशेखर सिंह (19) के रूप में हुई है। बुधवार की रात अर्जुन का शव घर से करीब 200 मीटर दूर पलाश के पेड़ से लटका हुआ मिला। वहीं गुरुवार की रात चंद्रशेखर का शव उसके घर में फंदे से झूलता पाया गया। दोनों शवों का शुक्रवार को गढ़वा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
अर्जुन इंटर (ISC) का छात्र था। उसने हजारीबाग के एकलव्य विद्यालय से मैट्रिक परीक्षा पास की थी और इन दिनों गढ़वा में रहकर कोचिंग करता था। परिजनों ने अर्जुन की हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। बताया जाता है कि अर्जुन के अंतिम संस्कार के दौरान ही चंद्रशेखर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व जिप सदस्य एवं झामुमो जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र साव, समाजसेवी रघुराई राम, 20 सूत्री अध्यक्ष शंभू प्रसाद, मुखिया संजय राम समेत कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण पीड़ित परिवारों से मिले। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर घटना का खुलासा करने की मांग की।

