न्यूयॉर्क

कोरोना वायरस के मद्देनजर पहले से लिए गए फैसले के अनुसार संयुक्त राष्ट्र संघ की 75 वीं वर्षगांठ सोमवार को मैन हटन में शुरू हुई। पूर्व की भांति इस बार के वर्षगांठ समारोह में ना तो विश्व के नेताओं की यहां भीड़ देखी गई नहीं सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त देखे गए। समारोह के पहले दिन मेजबान देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी नदारद दिखे। समारोह में 193 सदस्य देशों के इस संगठन में उन देशों के बतौर एक एक दो दो राजनयिक अपने अपने चेहरे पर फेस मास्क लगाकर उपस्थित देखे गए। महासभा की बैठक 28 सितंबर तक चलेगी। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 26 को वीडियो रिकॉर्ड संबोधन होगा।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अपने संबोधन में इस बात के लिए पीठ थपथपाई की दूसरे विश्व युद्ध की विभीषिका से उत्पन्न हुए इस संगठन के सदस्य देशों के सहयोग के कारण तीसरे विश्वयुद्ध की नौबत नहीं आई। उन्होंने सदस्य देशों को सचेत किया कि संयुक्त राष्ट्र संघ के सम्मुख क्षेत्रीय संघर्ष भूख ,गरीबीऔर जलवायु परिवर्तन और अब कोरोना जैसी चुनौतियां मुंह बाए खड़ी हैं। जो विश्वयुद्ध आपदाओं से कम नहीं है। महासभा की बैठक को गुटेरेस के अलावा अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किए। महासभा की बैठक में मेजबान देश अमेरिका के राष्ट्रपति के उपस्थित नहीं होने के संबंध में अमेरिकी अधिकारियों ने तत्काल कोई कारण स्पष्ट नहीं किया है। उम्मीद जताई गई है कि मंगलवार से शुरू होने वाले राष्ट्रीय नेताओं के अभिभाषण के दौरान अमेरिका से भी कोई प्रतिनिधित्व करेगा।