Seraikela News:- सरायकेला जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के पितकी गांव में मंगलवार की देर रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने भद्रेश्वर गोप के घर को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर के मुख्य दरवाज़े में ड्रिल मशीन से छेद कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी व संदूक का ताला तोड़कर नकद रुपये और सोने-चांदी के आभूषण सहित कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
पीड़ित भद्रेश्वर गोप ने बताया कि बुधवार तड़के करीब तीन बजे उनकी नींद खुली तो घर का दरवाज़ा खुला हुआ था और आंगन में सामान बिखरा पड़ा था। जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि करीब चार लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में जेवरात गायब हैं। घर के बाहर ईंट और पत्थर भी बिखरे मिले, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरी के दौरान विरोध होने पर चोर हिंसा करने के लिए तैयार थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने एकत्र होकर रात में गश्त बढ़ाने और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की। कई ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोग भयभीत हैं।
सूचना पाकर नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के दरवाज़े और अलमारी से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। भद्रेश्वर गोप और उनके परिजनों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि चोरों की संख्या और पहचान का फिलहाल पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले भी इसी घर में चोरी की कोशिश की गई थी, जिससे यह माना जा रहा है कि चोरों को घर की जानकारी पहले से थी।

