Hazaribag News:- हजारीबाग शहर एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात से दहल उठा है। ओकनी तालाब गली नंबर एक स्थित एक अपार्टमेंट में सोमवार तड़के चोरों ने महज 5 मिनट में गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर 41 हजार रुपये नकद और कीमती सोने के गहने चुरा लिए। चोरी का शिकार हुए विशाल सिन्हा पेशे से बस कंडक्टर हैं। उनकी पत्नी सिमरन ने बताया कि सुबह चार बजे पति ड्यूटी पर निकल गए थे। उनके जाने के कुछ देर बाद दरवाजा तोड़ने की आवाज आई, जिससे डर कर उन्होंने अपने बच्चों और बहन के साथ कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
सिमरन ने बताया कि डर के मारे हम बाहर नहीं निकले और तुरंत पति, देवर और जेठ को फोन कर घटना की जानकारी दी। जब तक परिवार के सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, चोर अपना काम कर चुके थे और फरार हो गए थे।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश है। बताया गया कि अपार्टमेंट में लगे तीनों सीसीटीवी कैमरे घटना के समय बंद थे, जिससे पुलिस को चोरों की पहचान में कठिनाई हो रही है। यह चिंता तब और बढ़ जाती है जब एक दिन पहले ही शहर में गोलीबारी की घटना सामने आई थी। दो दिन में दो बड़ी आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है।
सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शहरवासियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है।

