Chaibasa News:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सली गतिविधियां एक बार फिर सिर उठाने लगी हैं। सोमवार देर रात भाकपा (माओवादी) के नक्सलियों ने छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में एयरटेल मोबाइल कंपनी के टावर को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद नक्सलियों ने घटनास्थल पर कई पोस्टर और पर्चे छोड़े, जिनमें पुलिस को खुली चेतावनी दी गई है कि वे अपने मारे गए साथियों का बदला लेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार रात करीब 12 हथियारबंद नक्सली गांव में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को घरों में रहने का निर्देश दिया और फिर मोबाइल टावर पर लगे बैटरी पैनल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में टावर आग की लपटों में घिर गया और तेज धमाकों की आवाजों से पूरा इलाका दहल उठा। इस दौरान ग्रामीण दहशत में अपने घरों में दुबके रहे।
आग से टावर की बैटरियां, केबल और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह बंद हो गया है। नेटवर्क ठप होने से ग्रामीणों की मोबाइल बातचीत, ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग कार्य और यूपीआई के जरिए लेन-देन सभी प्रभावित हो गए हैं।
नक्सलियों के छोड़े गए पोस्टरों में लिखा गया है कि यह हमला पुलिस के “ऑपरेशन कगार” के विरोध में किया गया है। उन्होंने 8 से 14 अक्टूबर तक ‘प्रतिशोध सप्ताह’ मनाने और 15 अक्टूबर को झारखंड, बिहार, उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और असम में बड़े हमले की धमकी दी है। नक्सलियों ने लिखा है कि “पुलिस हमारे साथियों का खून बहा रही है, अब जवाब उसी तरह मिलेगा।”
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, पोस्टर जब्त किए गए और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द टावर की मरम्मत कर नेटवर्क बहाल करने की मांग की है।

