Jamshedpur News:– कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में गुरुवार देर रात अपराधियों ने कुख्यात बदमाश तौकीर उर्फ़ गोरा की बेरहमी से हत्या कर दी। मस्जिद के पास खड़े तौकीर पर बाइक सवार दो अपराधियों ने पहले धारदार हथियार से वार किया, फिर पास से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलियां लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में टीएमएच ले जाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर लगभग पांच गोलियों के निशान पाए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार तौकीर मर्दाना गैंग का सक्रिय सदस्य था और उसके खिलाफ कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह जेल से बाहर आया था। हत्या के पीछे गैंगवार या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फायरिंग के बाद शास्त्रीनगर में दहशत का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है।

